जल संसाधन मंत्री एवं पुष्कर विधायक सुरेश सिंह रावत ने कार्यकर्ता संवाद में सुनी जनसमस्याएं, अधिकारियों को दिए त्वरित समाधान के निर्देश
पुष्कर। राजस्थान के जल संसाधन मंत्री एवं पुष्कर विधायक सुरेश सिंह रावत ने शुक्रवार को जालीवुड रिसोर्ट, पुष्कर में एक विशेष भाजपा कार्यकर्ता संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया। इस अवसर पर भाजपा के छह मंडलों – खोड़ा गणेश, सराधना, नरवर, रूपनगढ़, पुष्कर एवं बुढ़ा पुष्कर के पदाधिकारी और सैकड़ों सक्रिय कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
मंत्री रावत ने कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं की समस्याएं गंभीरता से सुनीं और तत्काल समाधान के लिए विभागीय अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा –
“कार्यकर्ताओं की मेहनत ही पार्टी की ताकत है, सरकार उन्हीं के परिश्रम से बनती है। ऐसे में उनकी समस्याएं हमारी पहली प्राथमिकता हैं।“
जनसमस्याओं पर केंद्रित रहा संवाद, कई विषयों पर हुई चर्चा

कार्यकर्ताओं ने संवाद के दौरान पेयजल, बिजली, सड़क, सहकारिता, शिक्षा व राजस्व जैसी समस्याएं खुलकर रखीं। इन विषयों पर मंत्री रावत ने सभी विभागों को संवेदनशीलता व तत्परता से कार्य करने के निर्देश देते हुए कहा –
“यदि आप जनसेवक के रूप में कार्य नहीं कर सकते तो स्थानांतरण के लिए तैयार रहें।“
पुष्कर-कानस मार्ग पर जल भराव की समस्या का होगा समाधान
बारिश के दौरान पुष्कर-कानस मार्ग पर चार फीट तक जलभराव की समस्या पर कार्यकर्ताओं की शिकायत सुनते ही श्री रावत ने उपखंड अधिकारी और जल संसाधन विभाग को तत्काल प्रस्ताव बनाकर भेजने के निर्देश दिए। उन्होंने घोषणा की कि
“प्रस्ताव आते ही स्वीकृति दी जाएगी।“
यह घोषणा होते ही कार्यक्रम स्थल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।
अधिकारियों को दी सख्त चेतावनी: “फोन नहीं उठाने वालों की अब खैर नहीं”
कार्यकर्ताओं की शिकायतों के आधार पर मंत्री ने बताया कि
“अधिकांश शिकायतें अधिकारियों द्वारा फोन नहीं उठाने की आ रही हैं, यह अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है।“
उन्होंने कहा कि ऐसे अधिकारियों को कार्यशैली में तुरंत सुधार लाना होगा।
पेयजल संकट पर जताई गंभीर चिंता, साप्ताहिक रिपोर्ट अनिवार्य
जल संकट को लेकर उन्होंने जलदाय विभाग को निर्देश दिए कि
“जलापूर्ति व्यवस्था दुरुस्त करें और साप्ताहिक क्षेत्रवार रिपोर्ट प्रस्तुत करें।“
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि
“पानी की समस्या को लेकर किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।“
बिजली ट्रिपिंग पर विशेष सतर्कता, मानसून को लेकर निर्देश
मानसून के दौरान बिजली आपूर्ति की समस्याओं पर मंत्री ने कहा कि
“अब कार्यकर्ताओं को छोटी-छोटी शिकायतों के लिए मेरे पास नहीं आना चाहिए। अधिकारी स्थानीय स्तर पर समाधान करें।“
अधिकारी-कार्यकर्ता संपर्क को मजबूत करने की पहल
मंत्री ने कहा कि संवाद का उद्देश्य यही है कि अधिकारी कार्यकर्ताओं को पहचानें और तुरंत समस्या का समाधान करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि अधिकारी कार्यकर्ताओं की बात नहीं सुनते तो उनकी शिकायतें सहन नहीं की जाएंगी।
विकास कार्यों और योजनाओं की जानकारी अब पेम्फलेट्स के रूप में उपलब्ध
कार्यकर्ताओं को सरकारी योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी देने हेतु पेम्फलेट्स जारी किए गए। इसमें पूर्व कार्यकालों की उपलब्धियाँ, वर्तमान योजनाएं व प्रस्तावित परियोजनाएं शामिल हैं।
मंत्री ने बताया कि
“ये पेम्फलेट्स कार्यकर्ताओं के लिए उपयोगी संसाधन होंगे और आमजन को सरकार के विकास कार्यों से अवगत कराने में सहायक बनेंगे।“
इससे विपक्ष द्वारा किए जा रहे भ्रम फैलाने वाले प्रचार का भी प्रभावी जवाब दिया जा सकेगा।
भाजपा कार्यकर्ता ही पार्टी की रीढ़ – रावत
कार्यक्रम के अंत में मंत्री रावत ने कहा –
“भाजपा एक कार्यकर्ता आधारित पार्टी है, हर कार्यकर्ता पार्टी की रीढ़ है। अधिकारी जनसेवा की भावना से कार्य करें और ‘समय पर, सही समाधान’ की नीति अपनाएं।“
उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाएं और भाजपा को जन जागरूकता से और अधिक सशक्त बनाएं।