नसीराबाद छावनी क्षेत्र में छावनी परिषद का सख्त एक्शन – 5.5 एकड़ भूमि अतिक्रमण मुक्त, चार चरणों में चलाया जा रहा विशेष अभियान
नसीराबाद (अनिल लोहरे )। छावनी परिषद नसीराबाद द्वारा क्षेत्र को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाने के संकल्प के साथ एक सघन अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया जा रहा है। इस विशेष अभियान का नेतृत्व मुख्य अधिशाषी अधिकारी डॉ. नितीश गुप्ता कर रहे हैं, जिनके निर्देशन में अब तक लगभग 5.5 एकड़ भूमि को अवैध कब्जों से मुक्त कराया जा चुका है।
डॉ. गुप्ता ने छावनी क्षेत्र को चार चरणों में विभाजित कर चरणबद्ध कार्रवाई की रणनीति अपनाई है, जिससे क्षेत्र की यातायात, स्वच्छता और सुरक्षा व्यवस्था में सुधार लाया जा सके।
चरणबद्ध कार्रवाई का विवरण:
प्रथम चरण:
अभियान की शुरुआत सिटी पेट्रोल पंप से सप्लाई डिपो तक की रामसर रोड पर अतिक्रमण हटाकर की गई। इस क्षेत्र में वर्षों से अवैध रूप से कब्जाई गई दुकानों और ढांचों को हटाया गया।
द्वितीय चरण:
इसके तहत भैरू चौराहा, बस स्टैंड, आरएसईबी क्षेत्र एवं मिशन कंपाउंड रोड को अतिक्रमण से मुक्त किया गया। यहां फुटपाथ और सड़कों पर अतिक्रमण के कारण जनसुविधाएं प्रभावित हो रही थीं।
तृतीय चरण:
तीसरे चरण में सिटी थाना, सदर थाना, अंबेडकर सर्कल, मुस्लिम सराय और सब्जी मंडी क्षेत्र में कार्रवाई की गई, जहां लंबे समय से भू-माफियाओं द्वारा सार्वजनिक स्थानों पर अवैध निर्माण किया गया था।
कानून व्यवस्था और जनता की भागीदारी पर विशेष बल
मुख्य अधिशाषी अधिकारी डॉ. गुप्ता ने कहा कि “छावनी क्षेत्र की मूल संरचना और जनहित को संरक्षित रखना प्रशासन की प्राथमिकता है। अतिक्रमण हटाने की यह कार्रवाई न केवल अवैध कब्जाधारियों के विरुद्ध सख्त संदेश है, बल्कि यह नागरिकों को एक बेहतर, सुरक्षित और सुविधायुक्त परिवेश देने की दिशा में ठोस प्रयास भी है।”
उन्होंने बताया कि अगले चरणों में और अधिक संवेदनशील क्षेत्रों में कार्रवाई की जाएगी, जिसके लिए पूर्व सूचना देकर आमजन को जागरूक किया जा रहा है।
नागरिकों से सहयोग की अपील
छावनी परिषद द्वारा नागरिकों से अपील की गई है कि वे सार्वजनिक स्थानों पर अतिक्रमण न करें और क्षेत्र को स्वच्छ एवं व्यवस्थित बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें। साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया है कि भविष्य में अतिक्रमण की पुनरावृत्ति पर कानूनी कार्यवाही और जुर्माना लगाया जाएगा।