केकडी की ऋतु पाराशर अन्तरराष्ट्रीय समरसता मंच ‘शिक्षक सम्मेलन’ मे शिक्षक गौरव अवार्ड से सम्मानित होंगी ,25 देशों के प्रतिनिधि होंगे शामिल
जयपुर। अन्तरराष्ट्रीय समरसता मंच द्वारा अन्तर्राष्ट्रीय साक्षरता दिवस (8 सितम्बर) की पूर्व संध्या पर 7 सितम्बर 2025 को जयपुर में शिक्षक सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर शिक्षा जगत में उल्लेखनीय योगदान देने वाले शिक्षकों को “शिक्षक गौरव अवार्ड” से सम्मानित किया जाएगा।
इस गरिमामय समारोह में प्रधानाचार्य, पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, केकड़ी (अजमेर) श्रीमती ऋतु पाराशर को शिक्षक गौरव अवार्ड प्रदान कर अभिनंदित किया जाएगा। चयन समिति के अध्यक्ष डॉ. दुर्गेश चन्द्र गणेशीलाल चायलरसोम ने बताया कि श्रीमती पाराशर को शिक्षा और समाज सेवा के क्षेत्र में उनके निरंतर उत्कृष्ट योगदान के लिए चुना गया है।
25 देशों के प्रतिनिधि होंगे शामिल
अन्तरराष्ट्रीय समरसता मंच द्वारा आयोजित इस सम्मेलन में अमेरिका, इंग्लैंड, कनाडा, फ्रांस, जर्मनी, स्विट्ज़रलैंड, भूटान, अफगानिस्तान, ऑस्ट्रेलिया, नेपाल, श्रीलंका, सिंगापुर, दुबई, रूस, किर्गिस्तान, फिलीस्तीन, फिलीपींस सहित लगभग 25 देशों के प्रतिनिधि शामिल होंगे। यह आयोजन अन्तरराष्ट्रीय स्तर पर शिक्षा, संस्कृति और समरसता के लिए एक ऐतिहासिक मंच साबित होगा।
वैदिक कालीन गुरुकुल परंपरा पर विचार
कार्यक्रम के दौरान ‘शिक्षक सम्मान और विचार प्रस्तुति’ विषय पर चर्चा होगी, जिसमें वैदिक कालीन शिक्षा व्यवस्था, भारत-नेपाल की सांस्कृतिक एकता और विश्व शांति स्थापना जैसे मुद्दों पर गहन विचार-विमर्श किया जाएगा।
अटल बिहारी वाजपेयी की स्मृति में विशेष कार्यक्रम
मंच के सचिव (सांस्कृतिक) श्री विजय माली ने बताया कि इस अवसर पर भारत-नेपाल की साझा सांस्कृतिक विरासत और भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री श्री अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती स्मृति में विशेष कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा।
गौरव का क्षण
श्रीमती ऋतु पाराशर को मुख्य अतिथि के रूप में मंचासीन कर “शिक्षक गौरव अवार्ड” से अलंकृत किया जाएगा। यह सम्मान न केवल उनके लिए, बल्कि सम्पूर्ण शैक्षणिक जगत और अजमेर जिले के लिए भी गौरव का क्षण होगा