कल से शुरू होंगे ग्रामीण और शहरी सेवा शिविर, जयपुर से मुख्यमंत्री करेंगे शुभारंभ

कल से शुरू होंगे ग्रामीण और शहरी सेवा शिविर, जयपुर से मुख्यमंत्री करेंगे शुभारंभ
Spread the love

जयपुर/अजमेर (प्रतीक पाराशर )। राज्य सरकार प्रशासन शहरों के संग अभियान की तर्ज पर इस बार “ग्रामीण और शहरी सेवा शिविर” आयोजित करने जा रही है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा बुधवार सुबह जयपुर से इस महाअभियान का शुभारंभ करेंगे। ये शिविर सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक प्रदेशभर के ग्राम पंचायतों और शहरी निकायों में लगाए जाएंगे।

शिविरों में आमजन को जन्म, विवाह और जाति प्रमाण पत्र जैसे जरूरी दस्तावेज़ बनाने की सुविधा मिलेगी। इसके साथ ही जमीन, मकान और दुकानों की लीज डीड (पट्टे), बकाया लीज राशि जमा करवाने पर एनओसी और फ्री-होल्ड पट्टे भी जारी होंगे।

इस बार सरकार ने बकाया लीज राशि जमा करवाने पर ब्याज और मूल राशि में छूट देने का प्रावधान किया है। वहीं, हाउसिंग बोर्ड के किश्तों पर आवंटित मकानों की बकाया किश्तों पर ब्याज और पेनल्टी की छूट नहीं दी जाएगी। पिछली बार यह छूट उपलब्ध कराई गई थी।

नगर निगम आयुक्त देशल दान ने बताया कि 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाले इस अभियान का उद्देश्य शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को घर के पास ही सरकारी सेवाएं उपलब्ध कराना है, ताकि उन्हें दफ्तरों के चक्कर न काटने पड़ें। अजमेर नगर निगम क्षेत्र में ये शिविर वार्डवार आयोजित होंगे। इसके लिए निगम उपायुक्त कीर्ति कुमावत को नोडल अधिकारी और अधिशासी अभियंता नृसिंह चौधरी को सहायक नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।

शिविरों में साफ-सफाई, टूटी स्ट्रीट लाइट की मरम्मत, पार्क और शौचालयों की सफाई, सीवरेज रिपेयर, सड़क मरम्मत, पट्टों का वितरण, भवन निर्माण मंजूरी, ट्रेड लाइसेंस, फायर एनओसी, स्ट्रीट वेंडर रजिस्ट्रेशन, जन्म-मृत्यु और विवाह पंजीयन, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, पीएम स्वनिधि और पीएम आवास योजना के आवेदन भी लिए जाएंगे।

खास बात यह है कि इस बार शिविरों में जारी होने वाले पट्टों पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का फोटो रहेगा। इससे पहले प्रशासन शहरों के संग अभियान के दौरान जारी पट्टों पर तत्कालीन मुख्यमंत्री अशोक गहलोत का फोटो होता था।

admin - awaz rajasthan ki

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *