जवाजा पंचायत समिति में वार्ड गठन प्रशिक्षण आयोजित
ब्यावर | राजस्थान के ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज विभाग के निर्देश पर रविवार को पंचायत समिति जवाजा में ग्राम पंचायत वार्ड गठन प्रक्रिया पर एक प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें सभी ग्राम विकास अधिकारी और कनिष्ठ सहायक मौजूद रहे।
प्रशिक्षण सत्र में ग्राम पंचायतों में वार्डों के गठन से संबंधित प्रक्रियाओं, नियमों और प्रावधानों की विस्तृत जानकारी दी गई। अधिकारियों को बताया गया कि वार्डों का गठन वर्ष 2011 की जनगणना के आधार पर होगा। 3000 तक की आबादी वाली ग्राम पंचायतों में 7 वार्ड गठित होंगे, जबकि 3000 से अधिक जनसंख्या होने पर प्रति हजार जनसंख्या पर 2 वार्डों की वृद्धि की जाएगी।
यह प्रशिक्षण उपखंड अधिकारी दिव्यांश सिंह के निर्देशन में संपन्न हुआ। सत्र में विकास अधिकारी बलराम मीणा, दीपक नंदवाणी, गणपत चौहान और रोहित अमरवाल ने वार्ड गठन से संबंधित प्रशिक्षण दिया और तकनीकी पहलुओं पर प्रकाश डाला।
प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य आगामी पंचायत चुनावों के मद्देनजर वार्ड गठन की प्रक्रिया को पारदर्शी, सुचारु और नियम सम्मत तरीके से पूरा करना है।