राजस्थान विधानसभा बजट सत्र: टीकाराम जूली का सरकार पर निशाना, बस ऑपरेटर्स के शोषण का आरोप
जयपुर। राजस्थान विधानसभा के बजट सत्र के दौरान नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला। मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि सरकार “दो साल बनाम पांच साल” की चर्चा तो करती है, लेकिन तथ्यों के साथ जवाब देने से बच रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि मंत्रियों को अलग-अलग पर्चियां थमा दी गईं और सदन में गलत आंकड़े प्रस्तुत किए गए। जूली ने कहा कि वर्तमान सरकार ने प्रदेश की व्यवस्था को कमजोर कर दिया है।
नेता प्रतिपक्ष ने परिवहन व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि बस ऑपरेटर्स पर अनावश्यक रूप से शिकंजा कसा जा रहा है और बेवजह चालान किए जा रहे हैं। उनके अनुसार इससे निजी ऑपरेटर्स का शोषण हो रहा है और परिवहन क्षेत्र प्रभावित हो रहा है।
उदयपुर फाइल्स प्रकरण पर जूली ने कहा कि वकील की गिरफ्तारी से जुड़े 4-5 वीडियो उनके पास हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस डीवीआर की हार्ड कॉपी लेने पहुंची थी, लेकिन तथ्यों को दबाया नहीं जा सकता। जूली ने कहा कि समय आने पर सभी तथ्य सार्वजनिक होंगे।