जयपुर उद्यमी संवाद समारोह में CM भजनलाल शर्मा ने लॉन्च की 3 नई औद्योगिक नीतियां, बोले—राजस्थान को देंगे नई ऊंचाई
जयपुर। राजधानी में आयोजित ‘जयपुर उद्यमी संवाद समारोह’ में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने राज्य के औद्योगिक विकास को गति देने के लिए तीन नई नीतियों का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य उद्यमियों को बेहतर माहौल देकर राजस्थान की अर्थव्यवस्था को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाना है।
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि उद्यमी केवल अपना व्यवसाय नहीं बढ़ा रहे, बल्कि राज्य की अर्थव्यवस्था को मजबूत बना रहे हैं। उन्होंने यह भी दोहराया कि अब राजस्थान दिवस चैत्र शुक्ल प्रतिपदा को मनाया जाएगा।
3 नई नीतियों से उद्योगों को मिलेगा बढ़ावा
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार लगातार उद्योगों को प्रोत्साहित करने के लिए नीतियां ला रही है। उन्होंने कहा, “हम जरूरत के आधार पर नीतियां बनाते हैं, ताकि उद्यमियों को किसी तरह की परेशानी न हो।” उन्होंने बताया कि सरकार ने पिछले दो वर्षों में 34 नीतियां लागू की हैं, जो विकास की दिशा में अहम भूमिका निभा रही हैं।
निवेश और MoU पर दिया जोर
सीएम शर्मा ने कहा कि राज्य में निवेश को बढ़ावा देने के लिए ठोस प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि राजस्थान में 8 लाख करोड़ रुपये से अधिक के MoU धरातल पर उतर चुके हैं। साथ ही, हाल ही में दिल्ली और विदेश दौरों के दौरान निवेश को आकर्षित करने के प्रयास तेज किए गए हैं।
उन्होंने जानकारी दी कि राजस्थान में इलेक्ट्रिक व्हीकल (EV) निर्माण के लिए MoU किया है और जल्द ही इस पर काम शुरू होगा। इससे राज्य में रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।
‘वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट’ को मिलेगा बढ़ावा
मुख्यमंत्री ने ‘नव डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट’ पहल का जिक्र करते हुए कहा कि हर जिले की अपनी विशेषता होती है। सरकार का प्रयास है कि प्रत्येक जिले में स्थानीय उत्पादों की प्रोसेसिंग यूनिट स्थापित कर उद्योगों को बढ़ावा दिया जाए।
पूर्व सरकार पर साधा निशाना
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने पिछली सरकार पर भी निशाना साधते हुए कहा कि पहले योजनाएं और नीतियां प्रभावी तरीके से लागू नहीं हो पाती थीं। उन्होंने आरोप लगाया कि कई योजनाओं में भ्रष्टाचार हुआ और विकास कार्य प्रभावित हुए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान सरकार पारदर्शिता के साथ कार्य कर रही है और घोटालों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है।