नसीराबाद में गैस सिलेंडर कीमतों के विरोध में कांग्रेस का जोरदार प्रदर्शन, पीएम का पुतला फूंका
नसीराबाद – अनिल लोहरे। गैस सिलेंडर की बढ़ती कीमतों और कमर्शियल सिलेंडर की किल्लत को लेकर नसीराबाद में कांग्रेस ने बुधवार को जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। पार्टी कार्यकर्ताओं ने कस्बे के मुख्य बाजार में जुलूस निकालते हुए केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और अंत में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला फूंका।
प्रदर्शन की अगुवाई नव नियुक्त नगर कांग्रेस अध्यक्ष योगेश परिहार ने की। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ समय से घरेलू गैस सिलेंडर की किल्लत से आम जनता परेशान है, जबकि कीमतों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। इसी के विरोध में कांग्रेस ने यह प्रदर्शन आयोजित किया।
मुख्य बाजार में निकला विरोध जुलूस
प्रदर्शनकारियों ने शहीद स्मारक चौराहे से हाथों में तख्तियां लेकर जुलूस निकाला, जो कस्बे के मुख्य बाजार से होता हुआ पांच बत्ती चौराहे तक पहुंचा। यहां कार्यकर्ताओं ने पीएम का पुतला फूंकते हुए गैस कीमतों में बढ़ोतरी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
कई वरिष्ठ नेता रहे मौजूद
इस विरोध प्रदर्शन में विकास चौधरी (किशनगढ़ विधायक एवं अजमेर जिला देहात कांग्रेस अध्यक्ष), रामचंद्र चौधरी, शिवप्रकाश गुर्जर, पूर्व विधायक महेंद्र सिंह गुर्जर सहित कई नेता शामिल हुए।
इसके अलावा नगर कांग्रेस से जुड़े कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी बड़ी संख्या में मौजूद रहे। कार्यक्रम में स्थानीय स्तर पर कांग्रेस संगठन की सक्रियता साफ दिखाई दी।
गैस संकट पर सरकार को घेरा
प्रदर्शन के दौरान नेताओं ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार गैस की बढ़ती कीमतों पर नियंत्रण नहीं कर पा रही है और कमर्शियल सिलेंडर की आपूर्ति भी प्रभावित हो रही है। इससे आम जनता के साथ-साथ छोटे व्यापारियों और होटल व्यवसायियों को भी परेशानी उठानी पड़ रही है।
कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही गैस की कीमतों में राहत और आपूर्ति में सुधार नहीं किया गया, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।