नसीराबाद में 20 दिन से बंद स्ट्रीट लाइटें, 23 लाख बकाया पर कटा कनेक्शन; कांग्रेस ने उठाई बहाली की मांग

नसीराबाद में 20 दिन से बंद स्ट्रीट लाइटें, 23 लाख बकाया पर कटा कनेक्शन; कांग्रेस ने उठाई बहाली की मांग
Spread the love

नसीराबाद (Anil Lohare ), 25 मार्च। प्रदेश की सबसे छोटी नगर पालिकाओं में शुमार नसीराबाद नगर पालिका की अनदेखी और प्रशासनिक उदासीनता के चलते शहर पिछले कई दिनों से अंधेरे में डूबा हुआ है। नगर पालिका क्षेत्र की स्ट्रीट लाइट और हाई मास्क लाइट पिछले करीब 18–20 दिनों से बंद पड़ी हैं, जिससे आमजन को आवागमन और सुरक्षा दोनों स्तरों पर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

जानकारी के अनुसार नगर पालिका द्वारा विद्युत विभाग को करीब 23 लाख रुपये की बकाया राशि जमा नहीं कराने के कारण सोमवार को विभाग ने नगर पालिका कार्यालय का बिजली कनेक्शन भी काट दिया था। इसके बाद से स्थिति और गंभीर हो गई है।

कांग्रेस ने सौंपा ज्ञापन

बुधवार को नगर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष योगेश परिहार के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उपखंड अधिकारी देवी लाल यादव को ज्ञापन सौंपकर स्ट्रीट लाइट और हाई मास्क लाइट के कनेक्शन जल्द बहाल करने की मांग की।

ज्ञापन में बताया गया कि नगर पालिका की लापरवाही के चलते पूरे क्षेत्र में अंधकार की स्थिति बनी हुई है, जिससे लोगों में असुरक्षा की भावना बढ़ रही है। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि दो सरकारी विभागों के बीच तालमेल की कमी और हठधर्मिता का खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ रहा है।

आमजन परेशान, सुरक्षा पर सवाल

स्थानीय लोगों का कहना है कि रात के समय सड़कों पर अंधेरा होने से दुर्घटनाओं और असामाजिक गतिविधियों का खतरा बढ़ गया है। बावजूद इसके नगर पालिका प्रशासन इस मुद्दे को गंभीरता से नहीं ले रहा।

कई नेता रहे मौजूद

ज्ञापन सौंपने के दौरान पूर्व नगर कांग्रेस अध्यक्ष अजय गौड़, पूर्व पार्षद प्रदीप सिंह राठौड़, रंजन वर्मा, तिलोक गुर्जर, दीपक टंडन, प्रदीप नथरानी, कमल खेरा, बंटी पथरिया, रईस खान, प्रशांत मेहरा, गौरव कनौजिया, रोहित नागोरा सहित कई कांग्रेसी कार्यकर्ता मौजूद रहे।

admin - awaz rajasthan ki

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *