तबीजी सीएचसी में अब सातों दिन मिलेगी ओपीडी सुविधाचिकित्सा अधिकारी रहेंगे उपलब्ध, सभी आवश्यक दवाइयों की भी व्यवस्था
अजमेर | तबीजी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में ग्रामीणों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। अब सीएचसी में सप्ताह के सातों दिन नियमित रूप से ओपीडी सेवाएं संचालित की जाएंगी। इसके साथ ही चिकित्सा अधिकारी भी प्रतिदिन उपलब्ध रहेंगे, जिससे क्षेत्रवासियों को उपचार एवं परामर्श के लिए किसी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़ेगा।
स्वास्थ्य केंद्र में मरीजों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सभी आवश्यक दवाइयों की पर्याप्त उपलब्धता भी सुनिश्चित की गई है। इससे ग्रामीणों को प्राथमिक उपचार एवं आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं स्थानीय स्तर पर ही प्राप्त हो सकेंगी।
तबीजी सरपंच राजेंद्र गैना ने बताया कि स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार से क्षेत्र के हजारों ग्रामीणों को लाभ मिलेगा। उन्होंने आमजन से अपील की कि स्वास्थ्य संबंधी किसी भी समस्या या जांच के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उपलब्ध सुविधाओं का अधिकतम लाभ उठाएं।
ग्रामीणों ने भी सीएचसी में सातों दिन ओपीडी एवं चिकित्सा अधिकारियों की उपलब्धता को क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण एवं जनहितकारी पहल बताते हुए प्रसन्नता व्यक्त की है। इससे आसपास के गांवों के लोगों को समय पर चिकित्सा सुविधा मिलने के साथ-साथ दूरस्थ अस्पतालों पर निर्भरता भी कम होगी।