पीएम ई-बस सेवा को मिली नई रफ्तार, अब 9 रूटों पर दौड़ रहीं 15 इलेक्ट्रिक बसें

पीएम ई-बस सेवा को मिली नई रफ्तार, अब 9 रूटों पर दौड़ रहीं 15 इलेक्ट्रिक बसें
Spread the love

भीलवाड़ा। प्रधानमंत्री ई-बस सेवा योजना के तहत भीलवाड़ा में इलेक्ट्रिक बसों के नेटवर्क का तेजी से विस्तार किया जा रहा है। नगर निगम ने शहरवासियों को बड़ी सौगात देते हुए इलेक्ट्रिक बसों के बेड़े का विस्तार किया है। वर्तमान में शहर एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में 15 इलेक्ट्रिक बसें नियमित रूप से 9 रूटों पर संचालित हो रही हैं। योजना के तहत निर्धारित मार्गों में से लगभग 50 प्रतिशत रूटों पर बस सेवा शुरू हो चुकी है।

India's PM-eBus Sewa Scheme and the Path to Net Zero - Centre for Public  Policy Research (CPPR)

नई बस सेवाओं से आमा, बडलियास, बड़ा महुआ और बागौर सहित कई ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को पहली बार नियमित सार्वजनिक परिवहन सुविधा उपलब्ध हुई है। इससे विद्यार्थियों, कर्मचारियों, किसानों और दैनिक यात्रियों को आवागमन में काफी राहत मिलेगी।

यात्रियों की सुविधा के लिए पहली बस प्रतिदिन सुबह 6 बजे अपने निर्धारित रूट पर रवाना होती है। वहीं, कोटड़ी मार्ग पर यात्रियों की अधिक संख्या और व्यस्त यातायात को देखते हुए हर घंटे बस सेवा उपलब्ध कराई जा रही है। अन्य मार्गों पर औसतन दो-दो घंटे के अंतराल में बसों का संचालन किया जा रहा है।

जल्द शुरू होगा सांगानेर–पुर सिटी रूट

नगर निगम शहर की आंतरिक परिवहन व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने की दिशा में भी काम कर रहा है। इसके तहत जल्द ही सांगानेर से पुर (वाया बस स्टैंड) के बीच नया सिटी बस रूट शुरू किया जाएगा। यह मार्ग शहर के भीतर बेहतर कनेक्टिविटी प्रदान करेगा और यात्रियों को अधिक सुविधाजनक यात्रा का विकल्प उपलब्ध कराएगा।

20 बसें पहुंचीं, 15 संचालन में

नगर निगम आयुक्त हेमाराम चौधरी ने बताया कि वर्तमान में 20 इलेक्ट्रिक बसें भीलवाड़ा पहुंच चुकी हैं। इनमें से 15 बसें नियमित संचालन में हैं, 4 बसें परीक्षण (टेस्टिंग) चरण में हैं, जबकि 1 बस रिजर्व रखी गई है। परीक्षण प्रक्रिया पूरी होने के बाद इन बसों को भी विभिन्न रूटों पर संचालित किया जाएगा।

नगर निगम की योजना चरणबद्ध तरीके से इलेक्ट्रिक बसों की संख्या बढ़ाकर शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में सार्वजनिक परिवहन को अधिक सुलभ, पर्यावरण-अनुकूल और प्रभावी बनाने की है।

Ashish Parashar

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *