सरस डेयरी परिसर में हुआ सघन वृक्षारोपण, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
सरस डेयरी परिसर में हुआ सघन वृक्षारोपण, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
अजमेर। पर्यावरण संरक्षण एवं हरित वातावरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शुक्रवार को अजमेर सरस डेयरी परिसर में सघन वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में सरस डेयरी के प्रबंधक रामलाल जाट के नेतृत्व में अधिकारियों एवं कार्मिकों ने विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपित किए।
इस अवसर पर प्रबंधक रामलाल जाट ने कहा कि वृक्ष हमारे जीवन का आधार हैं और पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में इनकी महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने सभी कार्मिकों से अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनकी नियमित देखभाल करने का आह्वान किया, ताकि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ एवं हरित वातावरण मिल सके।
वृक्षारोपण अभियान के दौरान डेयरी परिसर में छायादार एवं फलदार पौधे लगाए गए। कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने पौधों के संरक्षण का संकल्प लेते हुए पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
कार्यक्रम के अंत में सभी ने समय-समय पर पौधों की देखभाल एवं उन्हें सुरक्षित रखने का संकल्प लिया।