विद्या भारती चित्तौड़ प्रांत की दो दिवसीय प्रचार विभाग कार्यशाला सम्पन्न, तकनीक आधारित प्रचार पर दिया गया जोर
विद्या भारती चित्तौड़ प्रांत की दो दिवसीय प्रचार विभाग कार्यशाला सम्पन्न, तकनीक आधारित प्रचार पर दिया गया जोर
चित्तौड़गढ़। विद्या भारती चित्तौड़ प्रांत की दो दिवसीय प्रचार विभाग कार्यशाला का आयोजन प्रांतीय प्रशिक्षण केंद्र, विद्या निकेतन उच्च माध्यमिक विद्यालय, गांधीनगर (चित्तौड़गढ़) में सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ। कार्यशाला में बांसवाड़ा, डूंगरपुर, उदयपुर, राजसमंद, चित्तौड़गढ़, प्रतापगढ़, भीलवाड़ा, अजमेर, बूंदी, कोटा, बारां एवं झालावाड़ सहित 12 जिलों के प्रचार प्रमुख, संवाददाता एवं सोशल मीडिया प्रमुखों ने भाग लिया।
प्रांत संवाददाता कमलेंद्र शर्मा एवं प्रशिक्षण केंद्र प्रमुख महेंद्र सिंह सिसोदिया ने बताया कि कार्यशाला का उद्देश्य प्रचार कार्य को अधिक प्रभावी, तकनीक-संपन्न एवं समाजोपयोगी बनाना था। प्रथम सत्र में सभी जिलों ने वर्षभर की गतिविधियों, नवाचारों, सेवा कार्यों, शैक्षिक उपलब्धियों एवं संगठनात्मक कार्यक्रमों का पीपीटी के माध्यम से प्रस्तुतीकरण किया।
द्वितीय सत्र में तकनीक प्रमुख नरेंद्र चष्टा ने सोशल मीडिया के प्रभावी उपयोग, डिजिटल कंटेंट निर्माण, फोटोग्राफी, वीडियो निर्माण, पोस्ट डिजाइनिंग तथा आईसीटी आधारित प्रचार तकनीकों का व्यवहारिक प्रशिक्षण दिया। उन्होंने आधुनिक डिजिटल माध्यमों का सकारात्मक एवं रचनात्मक उपयोग करने पर विशेष बल दिया।
प्रांत प्रचार प्रमुख डॉ. विमल कुमार जैन ने गत सत्र के प्रचार कार्यों की समीक्षा करते हुए आगामी कार्ययोजना एवं लक्ष्य निर्धारित कराए। उन्होंने प्रचार विभाग को संगठन की जनसंपर्क शक्ति बताते हुए नियमित समाचार प्रेषण, सोशल मीडिया पर सक्रियता, नवाचारों के दस्तावेजीकरण तथा डिजिटल प्लेटफॉर्म के प्रभावी संचालन की आवश्यकता पर जोर दिया।
समापन सत्र में राजस्थान क्षेत्र के प्रचार प्रमुख नवीन कुमार झा ने कहा कि “प्रचार का उद्देश्य व्यक्ति नहीं, बल्कि राष्ट्रहितकारी विचारों का प्रसार है।” उन्होंने प्रचार विभाग को संगठन और समाज के बीच विश्वास का सशक्त सेतु बताते हुए ‘वंदे मातरम्’ की 150वीं वर्षगांठ को जन-जागरण अभियान के रूप में व्यापक स्तर पर मनाने का आह्वान किया।
कार्यशाला का समापन आभार प्रदर्शन एवं शांति मंत्र के साथ हुआ। प्रतिभागियों ने प्रचार कार्य को तकनीकी रूप से और अधिक सशक्त, व्यवस्थित एवं समाजहित में प्रभावी बनाने का संकल्प लिया।