उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी ने ली अजमेर ज़ोन की सड़क परियोजनाओं की समीक्षा बैठक, कार्यों में शिथिलता न बरतने के निर्देश
जयपुर । उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी ने मंगलवार को सचिवालय में अजमेर ज़ोन की सड़क और भवन निर्माण परियोजनाओं की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि बजट 2024-25 में घोषित योजनाओं को समयबद्ध रूप से पूर्ण किया जाए, वहीं बजट 2025-26 की घोषणाओं पर निविदा प्रक्रिया तत्काल पूरी कर कार्य प्रारंभ करवाया जाए।
दीया कुमारी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की शिथिलता या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि सार्वजनिक निर्माण कार्यों में पारदर्शिता, गति और गुणवत्ता सुनिश्चित की जाए।
बरसात में क्षतिग्रस्त सड़कों की तत्काल मरम्मत के निर्देश
बैठक के दौरान उपमुख्यमंत्री ने कहा कि बरसात के मौसम में यदि कहीं सड़कें क्षतिग्रस्त होती हैं, तो अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचकर मरम्मत कार्य करवाएं, ताकि आमजन को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने निर्देश दिया कि अधिकारी फील्ड विज़िट नियमित रूप से करें और जनप्रतिनिधियों से समन्वय बनाए रखें।
प्रत्येक सप्ताह होगी जोनवार समीक्षा बैठक
दीया कुमारी ने बताया कि PWD कार्यों की प्रगति की निगरानी के लिए हर सप्ताह जोनवार समीक्षा बैठकें आयोजित की जाएंगी, जिससे कार्यों की पारदर्शिता और अधिकारियों की जवाबदेही सुनिश्चित की जा सके। यह समीक्षा तंत्र कार्यों की गुणवत्ता और समयसीमा में निष्पादन सुनिश्चित करने की दिशा में एक व्यवस्थित दृष्टिकोण है।
एनएचएआई, राज्य राजमार्ग और मिसिंग लिंक परियोजनाएं भी समीक्षा के दायरे में
बैठक में अजमेर ज़ोन के अजमेर, भीलवाड़ा, नागौर, डीडवाना और ब्यावर जिलों में संचालित विभिन्न सड़क परियोजनाओं की समीक्षा की गई। इनमें एनएचएआई, राष्ट्रीय राजमार्ग, राजस्थान स्टेट रोड डेवलपमेंट कॉरपोरेशन, राजस्थान स्टेट हाईवे अथॉरिटी, तथा पेचेबल, नॉन-पेचेबल और मिसिंग लिंक सड़कों के साथ भवन निर्माण परियोजनाएं भी सम्मिलित थीं।
वरिष्ठ अधिकारी भी रहे उपस्थित
समीक्षा बैठक में एसीएस पीडब्ल्यूडी प्रवीण गुप्ता, PWD सचिव डी.आर. मेघवाल, मुख्य अभियंता टी.सी. गुप्ता सहित मुख्यालय एवं संबंधित जिलों के वरिष्ठ अधिकारी वर्चुअल माध्यम से उपस्थित रहे।