ग्राम पंचायत आमली में आयोजित हुआ पंडित दीनदयाल उपाध्याय अंत्योदय संबल पखवाड़ा शिविर, 73 लाभार्थियों को वितरित किए गए स्वामित्व कार्ड
अजमेर | ग्राम पंचायत आमली मुख्यालय पर सोमवार को पंडित दीनदयाल उपाध्याय अंत्योदय संबल पखवाड़ा शिविर का भव्य आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं का सीधा और त्वरित लाभ प्रदान करना रहा, जिसके अंतर्गत विभिन्न विभागों द्वारा योजनाओं की जानकारी एवं लाभ मौके पर ही प्रदान किए गए।
शिविर में भाजपा जिला देहात महामंत्री एवं प्रधान प्रतिनिधि रायचंद बागड़ी, सावर उपखंड अधिकारी श्रद्धा सिंह, सावर तहसीलदार भगवती प्रसाद वैष्णव, विकास अधिकारी चिरंजीलाल वर्मा, स्वच्छ भारत मिशन ब्लॉक कोऑर्डिनेटर प्रियंक दाधीच, ग्राम सरपंच सायरी देवी, एवं सामाजिक कार्यकर्ता रामप्रसाद रैगर की गरिमामयी उपस्थिति रही।
स्वामित्व योजना में 73 लाभार्थियों को मिला अधिकार
शिविर के दौरान स्वामित्व योजना के अंतर्गत 73 ग्रामीण लाभार्थियों को उनके स्वामित्व कार्ड वितरित किए गए। साथ ही, अन्य विभागों जैसे सामाजिक न्याय, महिला एवं बाल विकास, स्वास्थ्य, कृषि और श्रम विभाग द्वारा दर्जनों ग्रामीणों को योजनाओं का तात्कालिक लाभ प्रदान किया गया।
सशक्त ग्रामीण भागीदारी का आह्वान
इस अवसर पर रायचंद बागड़ी ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि “भाजपा सरकार द्वारा ग्रामीण उत्थान के लिए अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं चलाई जा रही हैं। ऐसे शिविरों के माध्यम से आमजन को उनके द्वार पर ही सेवा और अधिकार प्राप्त हो रहे हैं। उन्होंने सभी से इन योजनाओं में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।”
ग्राम पंचायत का समर्पण और जनसहभागिता
शिविर के सफल संचालन में ग्राम विकास अधिकारी तेजराम मीणा, कनिष्ठ सहायक कविता राठौड़ सहित पंचायत कार्मिकों की अहम भूमिका रही। शिविर में सैकड़ों की संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे और योजनाओं की जानकारी लेकर आवेदन भी प्रस्तुत किए।