राजस्थान में पंचायतों और निकाय चुनाव की घोषणा जल्द, राज्य निर्वाचन आयुक्त बोले- “वन स्टेट, वन इलेक्शन फिलहाल संभव नहीं”
जयपुरः (प्रतीक पाराशर) राजस्थान में पंचायतों और शहरी निकायों के चुनाव की तैयारियां तेज हो गई हैं। हाईकोर्ट के आदेश के बाद राज्य निर्वाचन आयोग ने संकेत दिए हैं कि 11 हजार से अधिक पंचायतों और 150 शहरी निकायों के चुनाव की घोषणा अगले 7 से 10 दिन में की जाएगी।
राज्य निर्वाचन आयुक्त मधुकर गुप्ता ने कहा कि जिन निकायों और पंचायती राज संस्थाओं का पांच साल का कार्यकाल पूरा हो चुका है या दो माह में पूरा होने जा रहा है, वहां चुनाव कराए जाएंगे।
उन्होंने साफ किया कि “वन स्टेट, वन इलेक्शन” फिलहाल व्यावहारिक नहीं है। जब तक संविधान संशोधन नहीं होता, तब तक यह लागू नहीं हो सकता। गुप्ता ने कहा कि किसी भी निकाय या पंचायत का कार्यकाल पूरा होने से पहले चुनाव नहीं कराए जा सकते।
कोर्ट के आदेश का हवाला
गुप्ता ने बताया कि हरियाणा, पंजाब और कर्नाटक जैसे राज्यों में भी चुनाव में देरी हुई तो हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट ने दखल दिया था। राजस्थान हाईकोर्ट का आदेश भी इन्हीं कानूनी प्रावधानों के आधार पर आया है।
पंचायत राज मंत्री का बयान
इस बीच, पंचायत राज मंत्री मदन दिलावर ने कहा कि “वन स्टेट, वन इलेक्शन” को लेकर सामूहिक निर्णय लिया जाएगा। सरकार चुनाव संबंधी फैसले में राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुरूप ही आगे की कार्रवाई करेगी।
हमासे जुड़ने के लिए अपना नंबर व्हात्सप्प करे – 6376445473 पर