राजस्थान बजट सत्र जनवरी में संभावित, विभागों से ब्योरा मांगा गया
जयपुर। राजस्थान विधानसभा का अगला बजट सत्र जनवरी में आयोजित होने की संभावना जताई जा रही है। मौजूदा सरकार का यह तीसरा बजट सत्र होगा, जो सूत्रों के अनुसार जनवरी के अंतिम सप्ताह में बुलाया जा सकता है।
सरकार ने सभी विभागों को राज्यपाल के अभिभाषण की तैयारियों को लेकर आवश्यक जानकारी भेजने के निर्देश दिए हैं। अभिभाषण में शामिल की जाने वाली प्रमुख उपलब्धियों और योजनाओं का विस्तृत ब्योरा 26 दिसंबर तक उपलब्ध कराने को कहा गया है।
कैबिनेट सचिवालय की ओर से विभागों को भेजे गए पत्र में उल्लेख किया गया है कि विधानसभा सत्र जल्द शुरू होने वाला है, इसलिए उपलब्धियों की अद्यतन जानकारी समय पर भेजना आवश्यक है। अभिभाषण में सरकार द्वारा किए गए कार्यों, उपलब्धियों और विभिन्न विभागों की प्रगति का विवरण शामिल किया जाएगा।
गौरतलब है कि मौजूदा सरकार का दूसरा बजट सत्र 31 जनवरी 2025 को आयोजित हुआ था, जबकि 15वीं विधानसभा का अंतिम बजट सत्र 23 जनवरी 2023 को बुलाया गया था।
राज्य सरकार अब नए बजट सत्र की तैयारियों में जुट चुकी है, और विभागों द्वारा समय पर भेजी गई जानकारी ही आगामी अभिभाषण का मुख्य आधार बनेगी।