भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी बैठक में भजनलाल सरकार की 2 साल की उपलब्धियों पर मंथन
जयपुर (प्रतीक पाराशर)। भारतीय जनता पार्टी की नई प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक आज (7 दिसंबर) जयपुर स्थित पार्टी कार्यालय में आयोजित हुई। यह बैठक इसलिए खास रही क्योंकि मदन राठौड़ के राजस्थान प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार नई कार्यसमिति का गठन किया गया है। बैठक में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा भी मौजूद रहे और सत्ता व संगठन के तालमेल से राज्यों के विकास की रणनीति पर विस्तृत मंथन किया गया।
इस महीने बीजेपी सरकार के दो साल पूरे होने जा रहे हैं। ऐसे में बैठक में पदाधिकारियों को निर्देश दिए गए कि वे सरकार की दो साल की उपलब्धियों को घर-घर पहुंचाएं और जनता के बीच सरकार के कामकाज की जानकारी साझा करें। मुख्यमंत्री और प्रदेशाध्यक्ष ने नवनियुक्त कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर अपने अनुभव भी साझा किए और संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत बनाने पर जोर दिया।
27 नवंबर को गठित हुई नई कार्यकारिणी
भाजपा की नई कार्यकारिणी का गठन हाल ही में 27 नवंबर को किया गया था। इसमें
- 9 प्रदेश उपाध्यक्ष
- 4 प्रदेश महामंत्री
- 7 प्रदेश मंत्री
- 7 प्रवक्ता
सहित कार्यालय सचिव, सोशल मीडिया प्रभारी, आईटी टीम प्रभारी और मीडिया प्रभारी जैसे अहम पदों की नियुक्ति शामिल है।
शाम 4:30 बजे तक चलता रहेगा बैठकों का दौर
कार्यकारिणी बैठक के बाद पार्टी की सोशल मीडिया टीम के साथ भी समीक्षा बैठक हुई। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने दुर्गापुरा (जयपुर) में भाजपा सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर टीम से मुलाकात की और डिजिटल पहुंच मजबूत करने के निर्देश दिए।
इसके अलावा, आज शाम 4:30 बजे तक मुख्यमंत्री निवास पर भाजपा विधायकों के साथ भी लगातार बैठकें जारी रहेंगी, जिसमें संगठन और सरकार से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की जाएगी।