जल संसाधन मंत्री बोले-गरीब और रोजगार को समर्पित बजट:भीलवाड़ा में केंद्रीय बजट पर प्रेस ब्रीफिंग; कहा-टेक्सटाइल सिटी को होगा विशेष फायदा
भीलवाडा | जल संसाधन मंत्री सुरेश सिंह रावत ने कहा-केंद्रीय बजट देश के सर्वांगीण विकास, आर्थिक मजबूती और आमजन के हितों को ध्यान में रखकर पेश किया गया है। यह बजट गरीब, किसान, युवा और मध्यम वर्ग को समर्पित है। बजट से टेक्सटाइल सिटी भीलवाड़ा को विशेष लाभ होगा। मंत्री सुरेश सिंह रावत सोमवार को भीलवाड़ा के सर्किट हाउस में केंद्रीय बजट पर प्रेस ब्रीफिंग कर रहे थे।
उन्होंने कहा- बजट के माध्यम से रोजगार के नए अवसर मिलेंगे। बुनियादी ढांचे को मजबूती मिलेगी। ग्रामीण-शहरी विकास को गति मिलेगी। शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, ऊर्जा और सामाजिक सुरक्षा जैसे क्षेत्रों में किए गए प्रावधान देश को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं।बजट राज्यों के साथ समन्वय मजबूत करेगा
उन्होंने कहा- यह बजट राज्यों के साथ केंद्र के समन्वय को मजबूत करेगा। स्थानीय स्तर पर विकास कार्यों को तेजी से आगे बढ़ाने में सहायक साबित होगा। बजट में वित्तीय अनुशासन बनाए रखते हुए विकास को प्राथमिकता दी गई है। केंद्र सरकार का यह बजट “सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास” की भावना को साकार करता है।
उन्होंने टेक्सटाइल सिटी भीलवाड़ा में बजट को लेकर होने वाले विशेष लाभ मिलने, ईआरसीपी परियोजना, माही व जाखम नदी से मेजा बांध में पानी लाने की संभावनाओं पर विचार व्यक्त किये। प्रेस वार्ता से पूर्व सर्किट हाउस पहुंचने पर मंत्री रावत को पुलिस दल ने सलामी दी।इनकी रही मौजूदगी
प्रेस वार्ता के दौरान जिला कलेक्टर से जसमीत सिंह संधू, मांडलगढ़ विधायक गोपाल लाल खंडेलवाल, शहर विधायक अशोक कोठारी, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रशांत मेवाड़ा सहित अन्य वरिष्ठ जनप्रतिनिधि, अधिकारी उपस्थित रहे।