केंद्रीय बजट-2026 पर अविनाश गहलोत की प्रतिक्रिया, बोले—राजस्थान में युवाओं, महिलाओं, किसानों और उद्योगों को मिलेगा सीधा लाभ
ब्यावर। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री अविनाश गहलोत ने केंद्रीय बजट-2026 की प्रमुख विशेषताओं पर चर्चा करते हुए कहा कि यह बजट युवाओं, महिलाओं, किसानों और उद्योगों को नई दिशा देने वाला है। उन्होंने कहा कि बजट के प्रावधानों से राजस्थान के विकास को मजबूती मिलेगी और आर्थिक गतिविधियों को गति मिलेगी।
गहलोत ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश लगातार प्रगति की राह पर अग्रसर है और केंद्रीय बजट-2026 ‘विकसित भारत’ के लक्ष्य को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने बताया कि बजट में उत्पादकता और प्रतिस्पर्धा बढ़ाने के साथ-साथ विकास के सभी प्रमुख क्षेत्रों को संतुलित रूप से सशक्त किया गया है। आयकर व्यवस्था को पूर्ववत रखते हुए मध्यम वर्ग को स्थिरता का संदेश दिया गया है।
टेक्सटाइल सेक्टर को मिलेगा बड़ा संबल
मंत्री गहलोत ने राजस्थान के लिए बजट से मिलने वाले विशेष लाभों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि मेगा टेक्सटाइल पार्क की स्थापना और टेक्सटाइल लेबर इंसेंटिव स्कीम से भीलवाड़ा, जयपुर और जोधपुर जैसे प्रमुख टेक्सटाइल केंद्रों को सीधा लाभ मिलेगा। इससे रोजगार सृजन के साथ-साथ राज्य की औद्योगिक अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
एमएसएमई और औद्योगिक क्लस्टर्स को बढ़ावा
उन्होंने बताया कि देशभर में 200 औद्योगिक क्लस्टर्स के पुनर्सशक्तिकरण की घोषणा राजस्थान के उद्योग जगत के लिए महत्वपूर्ण साबित होगी। लिक्विडिटी सपोर्ट, क्रेडिट गारंटी और ट्रांजेक्शन सेटलमेंट कार्यक्रमों से जयपुर, अलवर, भीलवाड़ा, उदयपुर और कोटा जैसे शहरों में लघु एवं मध्यम उद्योगों को उल्लेखनीय प्रोत्साहन मिलेगा।
गहलोत ने कहा कि केंद्रीय बजट-2026 से रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे और राज्य में निवेश का माहौल और अधिक सुदृढ़ होगा।