पंचायत चुनाव की तैयारी तेज: मार्च के पहले सप्ताह में अधिसूचना, इसी माह लॉटरी प्रक्रिया संभव
ओबीसी आयोग की रिपोर्ट के 7 दिन में लागू होगा आरक्षण फार्मूला
जयपुर। प्रदेश में पंचायत चुनाव एकसाथ कराने की प्रक्रिया तेज हो गई है। राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा मार्च के प्रथम सप्ताह में पंचायत चुनावों की अधिसूचना जारी किए जाने की तैयारी है। सबसे पहले 14,600 से अधिक ग्राम पंचायतों के चुनाव कराए जाएंगे, इसके बाद चरणबद्ध तरीके से पंचायत समिति और जिला परिषद के चुनाव संपन्न होंगे। इसकी पुष्टि राज्य निर्वाचन आयोग के आयुक्त राजेश्वर सिंह ने की है।
आयुक्त ने बताया कि राज्य प्रतिनिधित्व ओबीसी आयोग की रिपोर्ट फिलहाल तैयार नहीं हुई है, लेकिन आयोग ने यह निर्णय लिया है कि रिपोर्ट प्राप्त होते ही सात दिनों के भीतर सीटों पर आरक्षण का फार्मूला लागू कर दिया जाएगा। इस बीच सीटों के आरक्षण निर्धारण से जुड़ी लॉटरी प्रक्रिया भी मार्च माह में ही पूरी होने की संभावना है।
राज्य निर्वाचन आयोग ने पंचायत चुनावों को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज कर दी हैं। सभी जिला कलेक्टरों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जा चुके हैं या जारी किए जा रहे हैं। चुनाव खर्च की सीमा तय कर दी गई है, वहीं प्रचार-प्रसार से संबंधित नियमों को लेकर विस्तृत गाइडलाइन भी जारी कर दी गई है। आयोग ने स्पष्ट किया है कि चुनाव प्रक्रिया न्यायालय के दिशा-निर्देशों के अनुरूप ही संपन्न कराई जाएगी।
12 जिला परिषद और पंचायत समितियों पर सरकार करेगी निर्णय
प्रदेश की 12 जिला परिषदों का कार्यकाल सितंबर से दिसंबर के बीच पूरा हो रहा है। इन जिला परिषदों और संबंधित पंचायत समितियों में चुनाव कराए जाएंगे या नहीं, इस पर अंतिम निर्णय राज्य सरकार के स्तर पर लिया जाएगा। हालांकि, सरकार के पास बोर्ड के कार्यकाल समाप्त होने से छह माह पूर्व उसे भंग करने का अधिकार सुरक्षित है।
नई ग्राम पंचायतों को लेकर स्थिति स्पष्ट
निर्धारित समय के बाद गठित नई ग्राम पंचायतों में चुनाव को लेकर स्थिति स्पष्ट करते हुए आयोग ने बताया कि मतदाता सूचियों का कार्य प्रारंभ कर दिया गया है। यूनिट-वार मतदाता सूची तैयार करने का कार्य अंतिम चरण में है और सूचियों पर आपत्तियां भी आमंत्रित की जा चुकी हैं।
उल्लेखनीय है कि राज्य में स्थानीय निकाय और पंचायत चुनाव 15 अप्रैल तक संपन्न कराने के निर्देश प्रभावी हैं, ऐसे में आयोग तय समय सीमा के भीतर चुनाव प्रक्रिया पूरी करने की दिशा में कार्य कर रहा है।