शाहपुरा के जिला अस्पताल को मिली राष्ट्रीय पहचान


राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन के तीनों मानकों पर खरा उतरा चिकित्सालय।
24 घंटे आपातकालीन सेवाओं की गुणवत्ता, स्वच्छता के कारण मुस्कान प्रमाण पत्र से नवाजा।
चिकित्सकों, कर्मियों ने मनाया सामूहिक जश्न, दी बधाई।
92.47 फीसदी अंकों के साथ जिले में लहराया परचम।
शाहपुरा। राजकीय जिला चिकित्सालय शाहपुरा ने नवजात और बच्चों की बेहतरीन देखभाल के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि हासिल की है। केंद्र सरकार की राष्ट्रीय मूल्यांकन टीम ने अस्पताल की व्यवस्थाओं को 92.47 प्रतिशत अंक प्रदान कर इसे ‘मुस्कान’ सर्टिफिकेट से नवाजा है। यह गौरव प्राप्त करने वाला यह जिले का एकमात्र चिकित्सा संस्थान बन गया है।
इस बड़ी सफलता की खुशी में अस्पताल परिसर में उत्सव सा माहौल रहा। चिकित्सा स्टाफ ने इस उपलब्धि पर आकर्षक रंगोली बनाकर खुशी का इजहार किया और एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर बधाइयां दीं। प्रमुख चिकित्सा अधिकारी डॉ. अशोक जैन और मुस्कान नोडल अधिकारी डॉ. अमित गुप्ता के नेतृत्व में पूरी टीम ने इस गौरवशाली क्षण का जश्न मनाया।
सामूहिक प्रयास से मिली सफलता: नोडल अधिकारी अमित गुप्ता ने बताया कि यह ऐतिहासिक उपलब्धि अस्पताल के चिकित्सकों, मेडिकल स्टाफ, नर्सिंग कर्मियों, प्रबंधन और विशेष रूप से सफाई कर्मियों के कड़े परिश्रम का परिणाम है। 6-7 मार्च 2026 को हुए मूल्यांकन के दौरान एसएनसीयू, शिशु ओपीडी और आईपीडी में 24 घंटे आपातकालीन सेवाओं की गुणवत्ता, स्वच्छता, दवाओं की उपलब्धता और बायोमेडिकल वेस्ट मैनेजमेंट जैसे कड़े मानकों पर हर कर्मचारी ने अपनी जिम्मेदारी बखूबी निभाई, जिससे शाहपुरा अस्पताल को यह राष्ट्रीय पहचान मिली।
इस अवसर पर डॉ. बाल किशन जैन, अनिल शर्मा (मुस्कान कोऑर्डिनेटर), कैलाश गोठवाल, ओम प्रकाश शर्मा, गणराज मीणा, उत्सव सोमाणी और सुभद्र मंजुल शर्मा सहित समस्त स्टाफ ने हर्ष व्यक्त किया।
नर्सिंग अधीक्षक ओम प्रकाश शर्मा ने बताया कि पूर्व में भी इस चिकित्सालय को राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन कार्यक्रम (एन क्यू ए एस) एवं लक्ष्य कार्यक्रम में भी राष्ट्रीय स्तर पर सर्टिफाइड होने का गौरव प्राप्त कर चुका है। इस तरह राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन के तीनों मानकों पर यह चिकित्सालय खरा उतरा है।
इस पर मेडिकल ऑफिसर डॉ अशोक जैन ने बताया कि जिला कलेक्टर जसमीत सिंह सिंधु और स्वास्थ्य विभाग के उच्चाधिकारियों के समय समय पर मिले मार्गदर्शन एवं समस्त चिकित्सको, स्टॉप कर्मियों यहां तक सफाईकर्मियों की मेहनत, लग्न के कारण यह महत्वपूर्ण पल हमें अर्जित हुआ। डॉ अशोक जैन, प्रमुख चिकित्सा, राजकीय जिला चिकित्सालय, शाहपुरा