BREAKING NEWS: राजस्थान में तबादलों का बड़ा धमाका जल्द! 1 जून से खुल सकता है ट्रांसफर का रास्ता
जयपुर – प्रतीक पाराशर | राजस्थान के लाखों सरकारी कर्मचारियों के लिए बड़ी खबर सामने आ रही है। भजनलाल सरकार जल्द ही तबादलों पर लगा बैन हटाने जा रही है। सूत्रों के मुताबिक मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा 1 जून से ट्रांसफर प्रक्रिया शुरू करने को लेकर बड़ा फैसला ले सकते हैं।
करीब डेढ़ साल बाद एक बार फिर तबादला सूचियां जारी होने की संभावना ने सरकारी महकमों में हलचल तेज कर दी है। बताया जा रहा है कि इस बार तबादलों की आंधी सिर्फ एक-दो विभागों तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि शिक्षा, चिकित्सा, राजस्व, पुलिस, यूडीएच समेत लगभग सभी बड़े विभागों में बड़े पैमाने पर फेरबदल हो सकता है।
सबसे ज्यादा चर्चा शिक्षा विभाग को लेकर है, जहां लंबे समय से तबादलों पर लगी रोक हटने का इंतजार किया जा रहा था। यदि सरकार बैन हटाती है तो हजारों शिक्षकों और कर्मचारियों को राहत मिल सकती है।
सूत्रों के अनुसार मंत्रियों और विधायकों की लगातार मांग के बाद सरकार इस मुद्दे पर गंभीरता से विचार कर रही है। वहीं कर्मचारी संगठनों ने भी लंबे समय से ट्रांसफर खोलने की मांग उठाई हुई थी।
इस खबर के सामने आते ही राजधानी जयपुर में राजनीतिक और प्रशासनिक हलचल तेज होने लगी है। माना जा रहा है कि इसी सप्ताह से मंत्रियों के सरकारी आवासों और दफ्तरों के बाहर कर्मचारियों और उनके समर्थकों की भीड़ बढ़ सकती है। गृह जिले या मनचाही पोस्टिंग के लिए कर्मचारी अपने-अपने क्षेत्र के विधायकों और प्रभावशाली नेताओं से डिजायर और सिफारिशी पत्र लेने की तैयारी में जुट गए हैं।
मंत्रियों के कार्यालयों में तबादला प्रार्थना पत्रों का अंबार लगने की संभावना है। हर कर्मचारी अपनी “सेटिंग” मजबूत करने में जुटा दिखाई देगा। राजनीतिक गलियारों में यह भी चर्चा है कि इस बार तबादला सूची काफी बड़ी और चौंकाने वाली हो सकती है।
हालांकि सरकार की ओर से अभी तक आधिकारिक आदेश जारी नहीं किया गया है, लेकिन प्रशासनिक महकमों में ट्रांसफर सीजन की सुगबुगाहट तेज हो चुकी है। अब सभी की नजर मुख्यमंत्री कार्यालय से आने वाले अंतिम फैसले पर टिकी हुई है।