शाहपुरा पुलिस ने 3.5 करोड़ की लुट का किया पर्दाफाश
शाहपुरा पुलिस ने 3.5 करोड़ की सनसनीखेज लूट का किया पर्दाफाश।
शाहपुरा पुलिस ने दबोचे अंतरराज्यीय मेवात गैंग के सरगना सहित 2 शातिर लुटेरे।
फिल्मी अंदाज में दी थी वारदात को अंजाम।
ड्राइवर को बंधक बनाकर की ₹1.5 करोड़ की लूट।
शाहपुरा पुलिस का बड़ा एक्शन। लुटेरों से 2 करोड़ की एक और लुट का राज उगलाया।
शाहपुरा 4 जुलाई 2026। शाहपुरा पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने हाइवे पर ट्रकों को निशाना बनाने वाली अंतरराज्यीय मेवात गैंग के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने शाहपुरा स्टेट हाईवे पर हुई 1.5 करोड़ रुपये की पीतल धातु स्क्रैप से भरे ट्रक की सनसनीखेज लूट का न सिर्फ चंद दिनों में खुलासा किया, बल्कि गैंग के सरगना समेत दो मुख्य आरोपियों को दबोचने में बड़ी सफलता हासिल की है।
लूट की इस बड़ी वारदात की गंभीरता को देखते हुए जिला पुलिस अधीक्षक एसपी सागर राणा (आईपीएस) के आदेशानुसार शाहपुरा के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश आर्य व वृत्ताधिकारी ओमप्रकाश विश्नोई के सुपरविजन में शाहपुरा थानाधिकारी सुरेश चंद्र के नेतृत्व में साइबर सेल की एक विशेष टीम का गठन किया गया था।
फिल्मी अंदाज में दी थी वारदात को अंजाम:- दिल्ली की ट्रांसपोर्ट कंपनी के मालिक नितिन महाजन की रिपोर्ट के अनुसार एक ट्रक कीमती ब्रास परचून का माल लेकर राजकोट और जामनगर के लिए रवाना हुआ था। 4 जून 2026 की रात करीब साढ़े 12 बजे जैसे ही ट्रक ने शाहपुरा टोल पार किया, एक सफेद रंग की बिना नंबर वाली कार ने ओवरटेक कर ट्रक को रुकवा लिया। कार सवार 4 बदमाशों ने ट्रक ड्राइवर सिपाही लाल के साथ बेरहमी से मारपीट की। इसके बाद लुटेरों ने ड्राइवर के हाथ, पैर और मुंह बांधकर उसे कार में डाल दिया और मंगलवाड़ चौराहे के पास जंगलों में फेंक कर डेढ़ करोड़ के माल से भरा ट्रक लूटकर फरार हो गए।
पुलिस ने लुटेरों से 2 करोड़ की एक और लुट का राज उगलाया:- पुलिस की गहन पूछताछ में गिरफ्तार बदमाशों एक और चौंकाने वाला खुलासा किया है। आरोपियों ने स्वीकार किया है कि उन्होंने इसी साल मार्च 2026 में हरियाणा के फिरोजपुर झिरका इलाके में भी ठीक इसी अंदाज में एक ट्रक को निशाना बनाया था और वहां से 2 करोड़ रुपये मूल्य का पीतल स्क्रैप लूट कर फरार हो गए थे।
थानाधिकारी सुरेश चंद्र ने बताया कि साइबर सेल और पुलिस टीम ने तकनीकी अनुसंधान और खुफिया सूचनाओं के आधार पर जाल बिछाकर गैंग के इन दो मुख्य गुर्गों मोसिम उर्फ पोलार्ड मुसलमान30, निवासी- नंगलीवाल, थाना नौगांवा, जिला अलवर, आबिद खान मुसलमान31, निवासी- हिर्वारी बावनठेरी, थाना फिरोजपुर झिरका, जिला नूंह मेवात (हरियाणा)। हाल मुकाम राजसमंद को गिरफ्तार कर अन्य आरोपियों और लूटे गए माल की बरामदगी को लेकर गहन अनुसंधान कर रही है।
हाई-प्रोफाइल लूट पर्दाफाश में ये थे शामिल: शाहपुरा थानाधिकारी सुरेश चंद्र, उपनिरीक्षक बालकिशन और साइबर सेल प्रभारी सहायक उपनिरीक्षक आशीष कुमार की मुख्य भूमिका रही। इसके अलावा साइबर सेल के हेड कांस्टेबल चन्द्र पाल सिंह, किशोर सिंह और कांस्टेबल पिन्टू कुमार आदि जवानों के कारण पुलिस लुटेरों के गिरेबान तक पहुंच सकी।