डीएपी की मांग के बीच गोरधा समिति पर पहुंची यूरिया खाद, किसानों ने जताई नाराजगी
डीएपी की मांग के बीच गोरधा समिति पर पहुंची यूरिया खाद, किसानों ने जताई नाराजगी
हंसराज खारोल, कुशायता (पत्रकार)
कुशायता। ग्राम पंचायत गोरधा मुख्यालय स्थित ग्राम सेवा सहकारी समिति लिमिटेड गोरधा पर रविवार सुबह यूरिया खाद से भरी ट्रक पहुंची। समिति पर खाद उतरने के बाद किसानों की भीड़ जुट गई, लेकिन किसानों ने डीएपी खाद उपलब्ध नहीं होने पर नाराजगी जताई।
ग्राम सेवा सहकारी समिति लिमिटेड गोरधा के सहायक व्यवस्थापक हरि सिंह मीणा ने बताया कि रविवार सुबह ट्रक संख्या RJ-27-6448 से कुल 600 कट्टे यूरिया खाद पहुंचे। इनमें से 300 कट्टे ग्राम सेवा सहकारी समिति लिमिटेड गोरधा में उतारे गए, जबकि शेष 300 कट्टे ग्राम सेवा सहकारी समिति लिमिटेड पिपलाज भेजे गए।
मौके पर मौजूद कई किसानों ने बताया कि वर्तमान में खरीफ फसलों की बुवाई का समय चल रहा है और इस समय उन्हें यूरिया से अधिक डीएपी खाद की आवश्यकता है। किसानों का कहना है कि डीएपी उपलब्ध नहीं होने से उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उनका कहना था कि इस समय समिति पर डीएपी खाद की आपूर्ति होनी चाहिए थी, जबकि यूरिया की फिलहाल अधिक आवश्यकता नहीं है।
किसानों ने संबंधित विभाग से शीघ्र डीएपी खाद उपलब्ध कराने की मांग की है, ताकि बुवाई का कार्य प्रभावित न हो और किसानों को समय पर आवश्यक उर्वरक मिल सके।