सावर में कांग्रेस का जन आक्रोश प्रदर्शन, महंगाई-बेरोजगारी सहित विभिन्न मुद्दों पर राज्य सरकार के खिलाफ ज्ञापन

सावर में कांग्रेस का जन आक्रोश प्रदर्शन, महंगाई-बेरोजगारी सहित विभिन्न मुद्दों पर राज्य सरकार के खिलाफ ज्ञापन
Spread the love

सावर। जिला कांग्रेस कमेटी अजमेर ग्रामीण के तत्वावधान में बुधवार को सावर में प्रदेशव्यापी जन आक्रोश अभियान के तहत विरोध सभा, रैली और प्रदर्शन आयोजित किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व विधायक एवं जिला कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. विकास चौधरी तथा पूर्व मंत्री डॉ. रघु शर्मा ने किया। सभा में कांग्रेस पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं, किसानों, युवाओं और महिलाओं सहित बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया।

सभा के दौरान वक्ताओं ने राज्य सरकार पर महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार और जनहित से जुड़े मुद्दों की अनदेखी करने का आरोप लगाया। विधायक डॉ. विकास चौधरी ने कहा कि बढ़ती महंगाई और बेरोजगारी से आमजन प्रभावित है तथा सरकार जनसमस्याओं के समाधान में अपेक्षित परिणाम नहीं दे पा रही है। उन्होंने कहा कि आगामी पंचायत राज एवं नगर निकाय चुनावों में जनता लोकतांत्रिक तरीके से अपना निर्णय देगी।

पूर्व मंत्री डॉ. रघु शर्मा ने अपने संबोधन में क्षेत्रीय विकास कार्यों की गति पर सवाल उठाते हुए कहा कि कांग्रेस जनता के अधिकारों और विकास से जुड़े मुद्दों को लेकर संघर्ष जारी रखेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को और मजबूत बनाने का आह्वान भी किया।

सभा के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सावर कस्बे में रैली निकाली और उपखंड अधिकारी को राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार तथा विभिन्न जनसमस्याओं के समाधान की मांग की गई।

कार्यक्रम में नसीम अख्तर, राजकुमार जयपाल, रामचन्द्र चौधरी, महेन्द्र गुर्जर, नाथूराम सिनोदिया, डॉ. गोपाल बाहेती, महेन्द्र सिंह रलावता, द्रोपदी कोली, राजीव शुक्ला, सागर शर्मा, विश्वजीत शक्तावत, गीता देवी, शैलेन्द्र सिंह, समरवीर सिंह, श्यामलाल बैरवा सहित कई कांग्रेस पदाधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

इससे पूर्व विधायक डॉ. विकास चौधरी के सावर पहुंचने से पहले अरांई, बोराड़ा, फतेहगढ़, सरवाड़, केकड़ी, प्रतापपुरा, मीणा का नया गांव, गुलगांव और पारा सहित विभिन्न स्थानों पर कार्यकर्ताओं एवं ग्रामीणों ने उनका स्वागत किया।

admin - awaz rajasthan ki

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *