जनसमस्याओं को लेकर कलेक्टर से मिले पूर्व विधायक भूतड़ा, जल–बिजली–चिकित्सा समेत कई मुद्दों पर समाधान का मिला आश्वासन
अजमेर, 20 मई।
जनहित से जुड़े प्रमुख मुद्दों को लेकर भाजपा अजमेर देहात के पूर्व जिलाध्यक्ष एवं पूर्व विधायक श्री देवीशंकर भूतड़ा ने मंगलवार को जिला कलेक्टर डॉ. महेंद्र खड़गावत से भेंट की। इस अवसर पर उन्होंने ब्यावर शहर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों की गंभीर समस्याओं को लेकर एक विस्तृत ज्ञापन सौंपा और उनके शीघ्र समाधान की मांग की।
श्री भूतड़ा ने कलेक्टर के समक्ष पेयजल संकट, बिजली आपूर्ति में बाधा, चिकित्सा सेवाओं की बदहाली, सफाई व्यवस्था, सड़क मरम्मत एवं प्रशासनिक भ्रष्टाचार जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि पिछड़ी बस्तियों में पीने के पानी की गंभीर किल्लत बनी हुई है। बीसलपुर परियोजना से नियमित जल आपूर्ति सुनिश्चित करने और वर्षों से बंद पड़े हैंडपंपों को पुनः क्रियाशील करने की आवश्यकता है।
उन्होंने क्षतिग्रस्त जल पाइपलाइनों की मरम्मत और दूषित जल आपूर्ति की समस्या का स्थायी समाधान करने पर बल दिया। साथ ही बिजली की अघोषित कटौती पर रोक लगाने और उपभोक्ता शिकायतों के समयबद्ध समाधान की मांग की। अमृतकौर चिकित्सालय की वर्तमान स्थिति पर चिंता जताते हुए उन्होंने चिकित्सा सेवाओं को सुदृढ़ करने की आवश्यकता पर भी ज़ोर दिया।
शहर में सीवरेज कार्यों के बाद क्षतिग्रस्त हुई सड़कों की मरम्मत, नगर परिषद में व्याप्त भ्रष्टाचार पर नियंत्रण, और आवारा पशुओं की समस्या का समाधान भी ज्ञापन में शामिल रहा। इसके अतिरिक्त, उन्होंने आगामी मानसून से पूर्व नालों की सफाई और शहर के ऐतिहासिक स्थलों के सौंदर्यकरण हेतु विशेष अभियान चलाने की मांग रखी।
जिला कलेक्टर डॉ. महेंद्र खड़गावत ने सभी बिंदुओं को गंभीरता से सुनते हुए सकारात्मक प्रतिक्रिया दी और शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि गर्मी के मौसम को ध्यान में रखते हुए प्रशासन आवश्यक सेवाओं के सुदृढ़ीकरण के लिए सतत प्रयासरत है। आने वाले दिनों में पेयजल, बिजली, सफाई और चिकित्सा सेवाओं में सुधार के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएंगे।