किशनगढ़ VIP ट्रेड और ईफोम घोटाले में सुरेश टाक ने DGP से की मुलाकात, पीड़ितों को राहत और SOG जांच की मांग
जयपुर/किशनगढ़ (अजमेर) :
किशनगढ़ में बड़े पैमाने पर सामने आए वीआईपी ट्रेड और ईफोम कंपनी घोटालों को लेकर आज पूर्व विधायक सुरेश टाक ने प्रदेश के पुलिस महानिदेशक राजीव शर्मा से पुलिस मुख्यालय जयपुर में व्यक्तिगत रूप से मुलाकात की। उन्होंने दोनों घोटालों में निवेशकों की आर्थिक क्षति और मानसिक पीड़ा पर चिंता जताते हुए पीड़ितों को राहत देने, पैसों की रिकवरी सुनिश्चित कराने और प्रभावी कानूनी कार्रवाई की मांग रखी।
मुलाकात के दौरान श्री टाक ने डीजीपी को विस्तार से पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी और इस पर एसओजी स्तर की गहन जांच कराने की आवश्यकता बताई।
इस पर पुलिस महानिदेशक श्री शर्मा ने मामले को गंभीरता से लेते हुए, अजमेर जिला पुलिस अधीक्षक से दूरभाष पर संपर्क कर निर्देश जारी किए। उन्होंने कहा कि इन प्रकरणों की जांच वरिष्ठ स्तर के अधिकारियों द्वारा एसओजी के माध्यम से करवाई जाए, ताकि दोषियों को शीघ्र दंडित किया जा सके और पीड़ितों को राहत मिल सके।
डीजीपी ने यह भी निर्देशित किया कि इस प्रकरण की पूर्ण रिपोर्ट सोमवार तक पुलिस मुख्यालय को प्रस्तुत की जाए, जिससे राज्य स्तर पर आवश्यक निर्णय लिए जा सकें।
गौरतलब है कि किशनगढ़ क्षेत्र में वीआईपी ट्रेड और ईफोम कंपनी के माध्यम से बड़ी संख्या में निवेशकों से करोड़ों रुपये की ठगी हुई है। अनेक पीड़ित परिवार अब तक न्याय की प्रतीक्षा कर रहे हैं।