राजस्थान में सितंबर से शुरू हो सकते हैं निकाय चुनाव, ओबीसी आरक्षण रिपोर्ट के बाद जारी होगा कार्यक्रम: मंत्री झाबर सिंह खर्रा
जयपुर। राजस्थान में नगरीय निकाय चुनाव को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। पंचायती राज एवं नगरीय विकास मंत्री झाबर सिंह खर्रा ने संकेत दिए हैं कि यदि आरक्षण प्रक्रिया समय पर पूरी हो जाती है तो सितंबर से निकाय चुनाव शुरू हो सकते हैं।
मंत्री ने बताया कि राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग की रिपोर्ट मिलने के बाद सरकार उसका परीक्षण करेगी। इसके बाद ओबीसी आरक्षण तय होगा, फिर एससी-एसटी और महिला आरक्षण की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। आरक्षण प्रक्रिया पूरी होने के बाद राज्य निर्वाचन आयोग राजस्थान हाईकोर्ट की तय समय-सीमा के अनुसार चुनाव कार्यक्रम जारी करेगा।
खर्रा ने कहा कि इस बार निकाय चुनाव ‘वन स्टेट, वन इलेक्शन’ की अवधारणा के तहत कराने की तैयारी है, जिससे प्रदेश में चुनाव प्रक्रिया को व्यवस्थित किया जा सके और बार-बार लगने वाली आचार संहिता से विकास कार्य प्रभावित न हों।
उन्होंने सरकार के 31 महीने के कार्यकाल की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि भाजपा अपने काम के आधार पर जनता के बीच जाएगी। फिलहाल चुनाव की तारीखें ओबीसी आयोग की रिपोर्ट और आरक्षण प्रक्रिया पूरी होने के बाद स्पष्ट होंगी।